उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन अख्तर ने की दूसरी शादी, शेयर की खूबसूरत तस्वीरें

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन अख्तर मीर ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करते हुए निधा भट्ट से शादी कर ली है। मोहसिन ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक नोट भी लिखा। पोस्ट में मोहसिन ने अपनी पत्नी के प्रति प्यार और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सही समय पर उन्हें जीवनसाथी के रूप में निधा का साथ मिला। उन्होंने इसे ईश्वर की रहमत बताते हुए नए सफर की शुरुआत पर खुशी जताई। साथ ही अपने एक करीबी दिवंगत मित्र को याद करते हुए उनके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद भी दिया। मोहसिन और उर्मिला के रिश्ते में दरार की खबरें वर्ष 2024 में सामने आई थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उर्मिला ने मुंबई की अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि दोनों के अलग होने की वास्तविक वजह सार्वजनिक नहीं की गई।

गौरतलब है कि उर्मिला और मोहसिन ने वर्ष 2016 में एक निजी समारोह में शादी की थी। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के जरिए हुई थी। शादी के बाद कई वर्षों तक साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए। फिलहाल मोहसिन की दूसरी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जबकि उर्मिला मातोंडकर की ओर से इस मामले में कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।