अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का करीबी सलीम डोला भारत लाया गया, दाऊद गैंग को बड़ा झटका

Follow Us

नई दिल्ली। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी और कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को तुर्की से भारत डिपोर्ट किया गया है। आज सुबह विशेष विमान के जरिए उसे दिल्ली के टेक्निकल एयरपोर्ट लाया गया। सलीम डोला को हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल में वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था। डोला दुबई और तुर्की जैसे देशों में छिपकर भारतीय युवाओं तक ड्रग्स पहुंचाने का नेटवर्क चला रहा था। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से बड़े ऑपरेशन के बाद उसे भारत लाने का रास्ता साफ किया। अब खुफिया एजेंसियां दिल्ली में सलीम डोला से पूछताछ कर रही हैं। इसके बाद उसे मुंबई पुलिस या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को सौंपा जाएगा। डोला के तार सीधे तौर पर दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े हैं और वह भारत में ड्रग्स सप्लाई का एक बड़ा चैनल संभाल रहा था। सलीम डोला का नाम ग्लोबल सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क में बहुत बड़ा माना जाता है। जानकारी के मुताबिक, उसका ड्रग सिंडिकेट सालाना 5,000 करोड़ रुपये से अधिक का काला कारोबार करता था। भारत के कई हिस्सों में डोला की अवैध ड्रग फैक्ट्रियां और लैब पहले ही पकड़ी जा चुकी हैं। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था और NCB ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा था। सलीम डोला पहले मुंबई और फिर दुबई से अपना पूरा नेटवर्क चला रहा था। भारतीय एजेंसियां पिछले साल से ही उसके करीबी सहयोगियों पर कार्रवाई कर रही हैं। अक्टूबर 2025 में डोला के करीबी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से भारत लाया गया था। नवंबर 2025 में डोला के बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के चार सदस्यों को भी दुबई से लाकर गिरफ्तार किया गया था।