गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, महिला के पति का निधन करीब 10 वर्ष पहले हो चुका था, जिसके बाद वह घर में अकेली रह रही थी। इसी दौरान रिश्ते में लगने वाले दो देवरों पर अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़िता ने बताया कि उसने पहले भी इस घटना की शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन परिस्थितियों के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका।
गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के बाद वह कुछ समय के लिए अन्य स्थान पर चली गई थी। संपर्क नंबर उपलब्ध न होने के कारण पुलिस उससे संपर्क नहीं कर सकी। हाल ही में उसके वापस आने पर दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत केस दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
