रायपुर । अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना विधानसभा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपितों के साथ एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी जैसी गतिविधियों में संलिप्त पांच लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रकरणों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। लगातार सूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपितों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया। थाना विधानसभा के अपराध क्रमांक 400/2026 में धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत लंबित विवेचना के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे करण नायक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसी तरह अपराध क्रमांक 278/2026 में धारा 296, 115, 351, 117(2), 109(1) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे अमर नायक को भी तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
चिल्फी सीमा पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, कंटेनर के गुप्त कक्ष से 4.47 क्विंटल गांजा बरामद
इसके अलावा विधानसभा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी बादशाह अली, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, दलदल सिवनी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस टीम लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे पकड़ा गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।इधर थाना विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी कर आम लोगों के बीच अशांति एवं भय का माहौल पैदा करने वाले पांच व्यक्तियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी अधिनियम तथा धारा 170/126, 135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस ने कहा है कि विधानसभा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार आरोपितों और वारंटियों की धरपकड़ के साथ असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। तकनीकी विश्लेषण, सूचना संकलन और मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय कर अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
