चिल्फी सीमा पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, कंटेनर के गुप्त कक्ष से 4.47 क्विंटल गांजा बरामद

Follow Us

कबीरधाम। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी सीमा पर एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में पंजाब निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच के दौरान 31 अगस्त को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चिल्फी थाना के सामने बोडला की ओर से आ रहे कंटेनर को रोका गया। तलाशी के दौरान चालक की सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त कक्ष से खाकी टेप में लिपटे पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये, और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस तरह कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का माल जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल की टीम अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई की सफलता पर पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और थाना चिल्फी की टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे की तस्करी रोकने के लिए जांच और निगरानी आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।