ईरान को चीन से हथियार मिलने की खबर पर ट्रंप हैरान, पाकिस्तान के रास्ते मिसाइल सप्लाई के दावे से बढ़ा तनाव

Follow Us

वॉशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच चीन द्वारा ईरान को हथियारों की आपूर्ति किए जाने के दावों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, चीन पाकिस्तान के रास्ते ईरान को बड़ी संख्या में रॉकेट लॉन्चर और एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध करा सकता है। हालांकि, चीन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान अमेरिका और इजरायल के साथ संघर्ष के बाद अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। इसी बीच 400 मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPADS) की कथित खरीद को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इस मामले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, अगर चीन ईरान को हथियार उपलब्ध कराता है तो उन्हें निराशा होगी। ट्रंप ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से भरोसा दिलाया था कि चीन तेहरान को हथियार नहीं बेचेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि, अंतरराष्ट्रीय राजनीति में ऐसी खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन चीन की ओर से ऐसा कोई कदम उठाना उनके लिए चिंता का विषय होगा। वहीं, चीन ने ईरान को हथियार देने के आरोपों से इनकार किया है। इस पूरे मामले के बीच अमेरिका और चीन के संबंधों में नई कूटनीतिक चुनौती देखने को मिल सकती है। फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी पक्षों की नजर आगे की घटनाओं पर बनी हुई है।