28वें कारगिल विजय दिवस पर अमर वीरों को दी जाएगी श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों का होगा सम्मान कल

Follow Us

जांजगीर-चाम्पा। कारगिल विजय दिवस की 28वीं वर्षगांठ के अवसर पर नगर के पूर्व सैनिकों के तत्वावधान में रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 10 बजे अमर जवान चौक (थाना के सामने), चांपा में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, शौर्य एवं पराक्रम का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पवन कोसमा, तहसीलदार राजकुमार मरावी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कांग्रेस नेता इब्राहिम मेमन सहित पूर्व सैनिक कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, पूर्व सैनिकों के परिवारजन तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा पूर्व सैनिकों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।