अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित टिहरी जंगल में 9वीं कक्षा के एक छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में छात्र की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और चेहरे को भारी पत्थर से कुचला गया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम सलका निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर गुरुवार शाम घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में योग करने पहुंचे लोगों ने एक किशोर का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक वीरेंद्र कंवर सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। शव के चेहरे पर भारी पत्थर से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, जबकि पैर में भी गंभीर चोटें पाई गई हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
