बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। शहर के मादापट्टना इलाके स्थित एक पत्थर की खदान में अचानक 40 फीट ऊंची चट्टान गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 7 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब करीब 18 मजदूर खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई का काम कर रहे थे। अचानक ऊंचाई से एक विशाल चट्टान नीचे गिर गई और मजदूर उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक सभी मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तुरंत मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने क्षेत्र को सील कर दिया है और राहत कार्य तेज कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि, कहीं खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई थी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
