सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले उद्यमियों, संस्थाओं एवं नवाचार करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026 की घोषणा की है। इस बार होटल, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, इको-टूरिज्म, एडवेंचर पर्यटन और सोशल मीडिया सहित 10 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।
इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य केवल पर्यटन स्थलों के प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के पूरे पर्यटन तंत्र को मजबूत करना है। इसी वजह से होटल, रिसॉर्ट, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, पर्यटक सूचना केंद्र, पर्यटन स्टार्टअप, होमस्टे, जिला पर्यटन प्रबंधन, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर, इको-टूरिज्म परियोजनाओं और एडवेंचर पर्यटन संचालकों को भी इसमें शामिल किया गया है। चयन के दौरान सेवाओं की गुणवत्ता, पर्यटकों की संतुष्टि, नवाचार, स्वच्छता, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन प्रचार जैसे विभिन्न मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।
पर्यटन बोर्ड ने युवा उद्यमियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए छत्तीसगढ़ की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को भी विशेष अवसर दिया है। इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन श्रेणी में स्थानीय समुदायों को रोजगार से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए किए गए प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र हितधारक 15 सितंबर तक अपनी प्रविष्टियां निर्धारित ई-मेल पर भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विशेषज्ञ समिति सभी आवेदनों का मूल्यांकन कर प्रत्येक श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का चयन करेगी।
