मुंगेली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में यातायात शाखा मुंगेली में व्यवसायियों, वाहन चालक संघ, ऑटो संघ और बस यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में भारी वाहनों के प्रवेश, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के बैकअप और यातायात नियमों के पालन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। व्यवसायियों और वाहन संघों के पदाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने पर सहमति जताई।
बैठक में तय किया गया कि शहर के सभी दुकानदार अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कम से कम 10 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखेंगे। कैमरों की दिशा इस तरह रखी जाएगी कि दुकानों के सामने सड़क और आसपास की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें। इसके अलावा सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का प्रभावी पालन कराने पर सहमति बनी। दुकानदारों को दुकानों के सामने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने और निर्धारित पीली एवं सफेद पट्टी के भीतर ही वाहन खड़े कराने के निर्देश दिए गए। बस चालकों को निर्धारित स्थान पर यात्रियों को उतारने-बैठाने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को नहीं बैठाने की हिदायत दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील भी की।
बैठक के दौरान साइबर जागृति अभियान के तहत व्यवसायियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की गई। इस दौरान ‘मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ संदेश वाले सेल्फी स्टैंड के जरिए लोगों ने जागरूकता का संदेश दिया। वहीं व्यवसायियों ने चौक-चौराहों से गाय-बछड़ों को हटाने, ऑटो चालकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाने, कलेक्टर कार्यालय के सामने बंद प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, दाऊपारा चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय बनाने और हाथ ठेला एवं फेरी वालों के लिए स्थान निर्धारित करने जैसे सुझाव भी दिए। बैठक में उप निरीक्षक संतोष शर्मा सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, व्यवसायी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
