रात में टॉर्च दिखाकर करते थे लूट, पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

Follow Us

रायपुर। राजधानी के धरसींवा क्षेत्र में राहगीरों को टॉर्च की रोशनी दिखाकर रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, चांदी का ब्रेसलेट और एक चाकूनुमा हथियार बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 5 जून को पीड़ित मानस कश्यप ने मोबाइल, 5 हजार रुपये नकद और चांदी का ब्रेसलेट लूटे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में धरसींवा थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक टॉर्च जलाकर वाहनों को रुकवा रहे हैं और लूटपाट कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मनोज साहू निवासी देवरी के रूप में हुई। वहीं दूसरे आरोपी, जो विधि से संघर्षरत बालक है, को भी बाद में पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया वीवो मोबाइल, 5 हजार रुपये नकद, चांदी का ब्रेसलेट और चाकूनुमा हथियार बरामद कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।