अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थ बना पाकिस्तान: शाहबाज़- जनरल मुनीर का ‘स्पेशल लेटर’ लेकर तेहरान पहुंचे गृहमंत्री मोहसिन नकवी

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव को कम करने के लिए पाकिस्तान ने एक बड़ी मध्यस्थ की भूमिका अपना ली है। इस कूटनीतिक मिशन के तहत पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील दौरे पर ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं। नकवी अपने साथ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख (COAS) जनरल आसिम मुनीर की ओर से ईरान के सर्वोच्च नेता के बेटे मोज्तबा खामेनेई के लिए एक ‘स्पेशल लेटर’ (विशेष पत्र) लेकर गए हैं। तेहरान पहुंचने पर ईरान के गृहमंत्री एस्कंदर मोमेनी ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

पाकिस्तानी गृहमंत्री का यह दौरा ऐसे नाजुक मोड़ पर हो रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध चरम पर है। नकवी ने तेहरान पहुंचकर पुष्टि की कि वे पीएम और सेना प्रमुख का खास संदेश लेकर आए हैं, हालांकि इस गुप्त पत्र में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान इस मध्यस्थता के जरिए दोनों देशों के बीच संवाद का रास्ता खोलने, अस्थायी समझौतों और खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने के नए विकल्पों पर जोर दे रहा है।

ईरानी मीडिया संगठन ‘तस्नीम’ के अनुसार, मोहसिन नकवी का ईरान के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात का कार्यक्रम तय है, जिसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची के साथ होने वाली उच्चस्तरीय बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ अमेरिका और ईरान के बीच जारी इस महासंकट को टालने में पाकिस्तान के इस कदम और उसकी भूमिका को काफी दिलचस्पी से देख रहे हैं।