राजनीतिक दलों की सार्थकता- डॉ. मणिक विश्वकर्मा 

Follow Us

भारत एक प्रजातांत्रिक देश है। यहाँ की जनता बहुधर्मी, बहुभाषी एवं बहुवंशी है। अनेकता में एकता एवं वसुधैव कुटुंबकम पर अटूट विश्वास रखती है। विभिन्न प्रांत के लोग सरकार चलाने के लिए वहाँ की आवश्यकतानुसार अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। सर्वोच्च शक्ति जनता के पास होती है। देश में संविधान और कानून को सर्वोपरि माना जाता है। नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, भाषण, सभा करने, धर्म अपनाने और अपना संगठन बनाने जैसी बुनियादी स्वतंत्रताएँ प्राप्त हैं। यही वजह है कि भारत में एक बहुदलीय प्रणाली है, विभिन्न राजनीतिक दल अपनी विशिष्ट विचारधाराओं, नीतियों और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के आधार पर कार्य करते हैं। अन्य देशों की तुलना में स्वस्थ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा हेतु यहाँ विकल्प के रूप में एक से अधिक राजनीतिक दल क्रियाशील है। उदाहरण के तौर पर भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, वर्तमान में भारत में 6 राष्ट्रीय राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), बहुजन समाज पार्टी, नेशनल पीपुल्स पार्टी एवं आम आदमी पार्टी तथा अनेक क्षेत्रीय दल राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। विचारधारा की दृष्टि से देखें तो जहाँ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी मुख्य रूप से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकीकृत भारत, आर्थिक उदारीकरण, पारंपरिक मूल्यों, मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान पर जोर देती है वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी भारतीय राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता, लोकतांत्रिक समाजवाद, उदारवाद, धर्म निरपेक्षता, सामाजिक समावेश, कल्याणकारी योजनाओं और मिश्रित अर्थव्यवस्था में विश्वास रखते हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) विचारधारा- साम्यवाद, मार्क्सवाद-लेनिनवाद, वामपंथी राजनीति, पूंजीवाद का विरोध और श्रमिक वर्ग व किसानों के अधिकारों की वकालत करती है। बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल एवं झामुमो जैसी पार्टियां प्रायः दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों या विशिष्ट भाषाई एवं क्षेत्रीय पहचान के अधिकारों और आरक्षण की मांग पर आधारित राजनीति को आधार बनाकर काम करती हैं। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, अखिल भारतीय अन्नाद्रविड़ मुनेत्र कड़गम पार्टी द्रविड़ राजनीति, तमिल भाषा और संस्कृति की रक्षा, तथा सामाजिक न्याय का मुद्दा लेकर चुनाव लड़ती हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पार्टी-क्षेत्रीय अस्मिता, धर्मनिरपेक्षता और लोकलुभावन कल्याणकारी योजनाओं पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), शिव सेना एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी मराठी मानुष और क्षेत्रीय मुद्दों पर, तेलुगु देशम पार्टी एवं वाईएसआर कांग्रेस पार्टी क्षेत्रीय विकास, कृषि और कल्याणकारी नीतियों पर एवं जनता दल यूनाइटेड सुशासन, सामाजिक न्याय और विकास पर केंद्रित राजनीति को आधार बनाकर चुनाव लड़ती हैं। नेशनल पीपुल्स पार्टी भारत की एक प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी है, जिसे 7 जून 2019 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी का दर्जा दिया गया था। जिसकी स्थापना 6 जनवरी 2013 को पूर्व लोकसभा अध्यक्ष स्व. पी.ए. संगमा ने की थी। यह पूर्वोत्तर भारत से पहली ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसे यह राष्ट्रीय दर्जा प्राप्त हुआ। किसी भी दल को राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त करने के लिए चुनाव आयोग के द्वारा निर्धारित कुछ मापदंडों अर्थात शर्तों को पूरा करना आवश्यक होता है। उनमें किसी आम चुनाव या विधानसभा चुनाव में किन्हीं चार या अधिक राज्यों में कुल डाले गए वैध मतों का कम से कम छह प्रतिशत मत हासिल करना ,साथ ही किसी एक राज्य या राज्यों से लोकसभा में कम से कम चार सीटें जीतना या लोकसभा में कम से कम दो प्रतिशत सीटें जीतना आवश्यक होता है। राजनीतिक दलों की भले ही विचारधाराएँ भिन्न-भिन्न हों लेकिन सभी का ये दायित्व बनता है कि सत्ता हासिल करने के लिए कोई भी ऐसा काम न करें जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास, अस्मिता एवं संविधान पर आँच आए।