दुर्ग। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ अब युवाओं को कानून की सीमा तक लाने लगी है। ऐसा ही एक मामला दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर फेमस होने के चक्कर में थाने को ही रील शूट करने का लोकेशन बना लिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, हर्ष साहू उर्फ “हुक्का” नामक युवक ने उतई थाना परिसर के बाहर फिल्मी अंदाज में एक रील शूट की। वीडियो में वह रौबदार अंदाज में चलता नजर आ रहा है और बैकग्राउंड में “आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल” जैसा गाना चल रहा है। इस रील को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जहां इसे हजारों लोगों ने देखा और यह तेजी से वायरल हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस का मानना है कि, इस तरह के वीडियो से विभाग की छवि खराब होती है और सरकारी परिसर का दुरुपयोग भी होता है। जांच के बाद उतई पुलिस ने हर्ष साहू को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वीडियो बनाने में सहयोग करने वाले उसके दोस्त कनक चतुर्वेदी को भी हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि, हर्ष साहू पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार होकर करीब 17 महीने जेल में रह चुका है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि, सोशल मीडिया के लिए कानून तोड़ने से बचें।
