रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मंत्री परिषद (कैबिनेट) की बैठक शुरू हुई। बैठक में प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं प्रख्यात बांस वादक विक्रम यादव के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके बेहतर इलाज और हर संभव सहयोग के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी फोन पर बात कर उपचार की अद्यतन जानकारी ली और निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में विक्रम यादव का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकता अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के लिए प्रसिद्ध विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है।
