विरोध प्रदर्शनों के बीच PM मोदी से मिले शरद पवार-सुप्रिया सुले, CJP मंच पर समर्थन के एक दिन बाद बढ़ी सियासी हलचल

Follow Us

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और CJP प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास पहुंचकर पीएम मोदी से मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। हालांकि, इस मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया गया कि राज्यसभा सांसद शरद पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की।

इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे एक दिन पहले यानी 21 जुलाई को शरद पवार और सुप्रिया सुले दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां CJP और आंदोलनकारी छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था। दोनों नेताओं ने प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन किया था। PM मोदी से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल के दिनों में NCP (शरद पवार गुट) के NDA के करीब आने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं।

यह मुलाकात सुप्रिया सुले के परिसीमन बिल को लेकर दिए गए बयान के बाद भी हुई है। सुले ने कहा था कि अगर सरकार सभी राज्यों में समान रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव लाती है तो उनकी पार्टी इसका समर्थन कर सकती है, हालांकि इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के भीतर भी चर्चा की जाएगी। फिलहाल शरद पवार और सुप्रिया सुले की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।