कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आंची दादर इलाके में एक सुनसान कमरे के अंदर 24 वर्षीय युवक का शव मिला। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान अभिनय रजक, पिता शंकर रजक, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने कमरे के अंदर युवक का शव देखा, जिसके बाद तत्काल कटघोरा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
