शिक्षा के क्षेत्र में दुर्गूकोंदल की पहचान बनाने वाले शिक्षकों का शिक्षक दिवस पर होगा सम्मान

Follow Us

*मेहनत और समर्पण से बदली स्कूलों की तस्वीर, नवोदय-एकलव्य-प्रयास में विद्यार्थियों का बढ़ा चयन*

*इस वर्ष दुर्गूकोंदल विकासखंड से सबसे अधिक शिक्षक होंगे सम्मानित*

दुर्गूकोंदल। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मेहनत, नवाचार और समर्पण से विकासखंड दुर्गूकोंदल को नई पहचान दिलाने वाले शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित जिला एवं संभागीय स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। शिक्षकों की निरंतर मेहनत से न केवल शासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

विदित हो कि विगत कई वर्षों से विकासखंड दुर्गूकोंदल के शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में लगातार जुटे हुए हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है कि क्षेत्र के बच्चे जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, श्रेष्ठा योजना, एकलव्य आवासीय विद्यालय एवं प्रयास आवासीय विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बड़ी संख्या में चयनित होकर विकासखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।

इसी उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और समर्पण का परिणाम है कि इस वर्ष दुर्गूकोंदल विकासखंड से सबसे अधिक शिक्षकों का चयन शिक्षक सम्मान के लिए हुआ है। यह उपलब्धि पूरे विकासखंड के शिक्षा जगत के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा दूत सम्मान से प्राथमिक शाला नेलचांग के सुकदेव कोड़ोपी, प्राथमिक शाला मदले के नरेंद्र कुमार उयके तथा प्राथमिक शाला चिहरो के अनिल कुमार साहू को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए माध्यमिक शाला सुखई के मधुराम नेताम का चयन हुआ है।


Read more:- प्रेम प्रकाश साहू और बोधन लाल साहू को मिलेगा राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान, कांकेर जिले के लिए गौरव का अवसर


इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रधान पाठक प्राथमिक श्रेणी में प्राथमिक शाला मोखा के महेन्द्र खुड़सुंगे तथा उत्कृष्ट प्रधान पाठक माध्यमिक श्रेणी में माध्यमिक शाला नेलचांग के माखन प्रजापति को सम्मानित किया जाएगा। इन शिक्षकों के सम्मानित होने की जानकारी से विकासखंड के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों की इस उपलब्धि को अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी विप्लव कुमार सिंह, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मड़ावी, एआरसी लतीप सोम, संकुल प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों ने सम्मान के लिए चयनित सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान उनके व्यक्तिगत प्रयासों का ही नहीं, बल्कि दुर्गूकोंदल विकासखंड की पूरी शिक्षा व्यवस्था की उपलब्धि है।

शिक्षकों की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में शिक्षक समर्पण के साथ कार्य करें और विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन मिले, तो प्रतिभाओं को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। दुर्गूकोंदल के शिक्षकों ने अपने कार्य से इस विश्वास को मजबूत किया है और शिक्षा के क्षेत्र में विकासखंड को नई पहचान दिलाई है।