*शिक्षक दिवस पर चारामा के दो शिक्षकों को राज्यपाल करेंगे सम्मानित*
कांकेर। शिक्षक दिवस के अवसर पर कांकेर जिले को गौरवान्वित करने वाला अवसर सामने आया है। चारामा विकासखंड के दो शिक्षकों का चयन राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए किया गया है। शिक्षक प्रेम प्रकाश साहू और बोधन लाल साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए शनिवार, 5 सितंबर को राजभवन में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में राज्यपाल रामेन डेका सम्मानित करेंगे।
शिक्षा के प्रति समर्पण और उल्लेखनीय कार्यों के लिए दोनों शिक्षकों को यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है। उनके चयन से चारामा विकासखंड सहित पूरे कांकेर जिले के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को राज्य स्तर पर मिली यह पहचान जिले के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक होगा। दोनों शिक्षकों की उपलब्धि से अन्य शिक्षक भी शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के हित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
