मुंबई। देश के दिग्गज कारोबारी समूह टाटा ने शानदार वित्तीय प्रदर्शन के साथ एक बार फिर बाजार में अपनी मजबूत स्थिति साबित की है। टाटा संस ने वित्त वर्ष 2025-26 के बेहतर नतीजों के बाद अपने शेयरधारकों के लिए प्रति शेयर 1,10,717 रुपये के भारी डिविडेंड की सिफारिश की है। कंपनी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में टाटा संस का राजस्व 9.1 प्रतिशत बढ़कर 42,367 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि टैक्स के बाद मुनाफा 21.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 31,961 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, यह डिविडेंड शेयरधारकों की अंतिम मंजूरी के बाद ही जारी किया जाएगा।
टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों और एआई सेक्टर में बढ़ते निवेश के बावजूद समूह ने मजबूत प्रदर्शन किया है। पूरे टाटा ग्रुप का कुल राजस्व बढ़कर 16.24 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि शुद्ध लाभ में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।वहीं, एयर इंडिया का बढ़ता घाटा समूह के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 में एयर इंडिया का नुकसान 22,238 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कंपनी ने कहा कि एयरलाइन को दोबारा मजबूत बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं। टाटा संस के इस ऐलान को निवेशकों और उद्योग जगत में बड़ी खबर माना जा रहा है।
