धमतरी। शहर से लगे अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्यामतराई गांव में पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर 9 युवक और 6 युवतियों समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। मामले में मुख्य महिला संचालक और उसका एक सहयोगी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को श्यामतराई के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और देर रात मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। प्रारंभिक जांच में दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाए जाने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान दो नाबालिगों के मिलने के बाद पुलिस उनकी उम्र और मामले में भूमिका से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। उनके संबंध में बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी वहीं, फरार मुख्य महिला संचालक और उसके सहयोगी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं।
