नई दिल्ली। तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नेता’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने शानदार शुरुआत कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीमित एडवांस बुकिंग शुरू होते ही फिल्म के 40 हजार से ज्यादा टिकट बिक गए। इसके बाद रविवार से देशभर में आधिकारिक बुकिंग शुरू कर दी गई है। शुरुआती रुझानों को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग कर सकती है।
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म को केवीएन प्रोडक्शंस ने तैयार किया है। दर्शकों के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने रिलीज से पहले फिल्म में कुछ नए सीन और गाने भी जोड़े हैं। फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जो पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुका है। सेंसर से मंजूरी मिलने के बाद अब ‘जन नेता’ 23 जुलाई 2026 को तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
