नई दिल्ली। झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्र प्रदर्शन के मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने और मांगों का समाधान निकालने का आग्रह किया है। राहुल गांधी ने 14 अगस्त को मुख्यमंत्री सोरेन को लिखे पत्र में छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध को लोकतांत्रिक अधिकारों का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि, संविधान नागरिकों को अपनी मांगों और चिंताओं को शांतिपूर्ण तरीके से सामने रखने का अधिकार देता है।
राहुल ने अपने पत्र में छात्रों की आवाज को गंभीरता से सुनने और बातचीत के जरिए समाधान तलाशने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि,वे प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझें और संबंधित मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करें। कांग्रेस ने भी छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का समर्थन किया है। राहुल गांधी का यह पत्र ऐसे समय आया है, जब झारखंड में छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से इस अपील पर क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
ट्रंप का बड़ा दांव! दक्षिण कोरिया संग सैन्य अभ्यासों में ‘बड़ी कटौती’ का ऐलान
