कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 77,000 के पार; आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी

Follow Us

मुंबई। आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूत रही। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और आईटी शेयरों में खरीदारी के चलते बाजार में तेजी देखने को मिली। सुबह 9:15 बजे सेंसेक्स 217 अंक की बढ़त के साथ 77,139 पर और निफ्टी 74 अंक चढ़कर 24,074 पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी आईटी सेक्टर में रही, जहां निफ्टी आईटी इंडेक्स 2% से अधिक बढ़ गया। इसके अलावा मेटल, ऑटो, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और बैंकिंग सेक्टर में भी मजबूती दर्ज की गई। हालांकि एनर्जी, इंफ्रा और ऑयल एंड गैस सेक्टर में हल्की गिरावट देखी गई।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी हरे निशान में रहे, जिससे बाजार की व्यापक मजबूती साफ दिखाई दी। बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट मानी जा रही है। ब्रेंट क्रूड 70.75 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जो पिछले एक महीने में लगभग 25% की गिरावट दिखाता है। वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुझान रहा, जबकि अमेरिकी बाजार हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके बावजूद भारतीय बाजार में सकारात्मक रुख जारी रहा और निवेशकों की धारणा मजबूत बनी रही।