एंटी पेपर लीक बिल पर सोनम वांगचुक की प्रतिक्रिया, शिक्षा सुधार की सराहना के साथ सरकार से की अहम अपील

Follow Us

नई दिल्ली। शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लोकसभा से एंटी पेपर लीक बिल पारित होने पर प्रतिक्रिया देते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि, यह सकारात्मक कदम है, लेकिन शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की भी आवश्यकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक वीडियो में वांगचुक ने बताया कि, वह दिल्ली से लद्दाख की यात्रा पर हैं और इस दौरान पहली बार वंदे भारत ट्रेन से सफर किया। उन्होंने भारतीय रेलवे की सराहना करते हुए चिनाब रेल पुल को देश की बड़ी उपलब्धि बताया और यात्रा अनुभव को शानदार बताया।

वांगचुक ने कहा कि, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाया गया कदम महत्वपूर्ण है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोर दिया कि सुधार केवल परीक्षा प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र में गुणवत्तापूर्ण बदलाव किए जाने चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से यह अपील भी की कि, छात्र आंदोलनों के दौरान किए गए आश्वासनों का पालन किया जाए। वांगचुक ने कहा कि, प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई या एफआईआर नहीं होनी चाहिए, जैसा पहले आश्वासन दिया गया था। गौरतलब है कि, हाल ही में लोकसभा ने पेपर लीक रोकने और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एंटी पेपर लीक बिल पारित किया है, जिसे सरकार शिक्षा सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है।