अनशन खत्म करते ही सोनम वांगचुक का बड़ा खुलासा, बोले- ‘लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही लिया फैसला’

Follow Us

नई दिल्ली। 26 दिनों की भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने फैसले की वजह बताई। उन्होंने कहा कि सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही उन्होंने अनशन खत्म करने का निर्णय लिया। वांगचुक के मुताबिक, पिछले दो दिनों से सरकार के साथ कई दौर की बातचीत चली और उनकी सबसे बड़ी शर्त लिखित भरोसा था।

वीडियो संदेश में वांगचुक ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही, शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों और युवाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने तथा नीट पेपर लीक से जुड़े आत्महत्या पीड़ितों के परिवारों के लिए मुआवजे पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा भी मिला है।

उन्होंने लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के नेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों और अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया। वांगचुक ने कहा कि यदि जरूरत पड़ती तो वह और लंबे समय तक अनशन जारी रखने के लिए तैयार थे, लेकिन लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने आंदोलन के इस चरण को समाप्त करना उचित समझा। साथ ही उन्होंने देशभर के लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहने की अपील की।