- अपराध नियंत्रण, जन-जागरूकता एवं दोपहिया वाहन चोरी की रोकथाम हेतु रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का शहरव्यापी विशेष चेकिंग अभियान
- 87 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की गई वैधानिक कार्रवाई
- सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 02ः00 बजे तक चला सघन जांच अभियान
रायपुर । वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अपराध नियंत्रण, जन-जागरूकता, दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, संदिग्ध वाहनों की पहचान तथा यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 11.07.2026 को प्रातः 10ः30 बजे से दोपहर 02ः00 बजे तक रायपुर शहर के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान में शहर के समस्त थाना प्रभारियों सहित थाना एवं यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संपूर्ण शहर में एक साथ 35 से अधिक प्रमुख स्थानों एवं चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर दोपहिया एवं अन्य वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगे वाहन, संदिग्ध परिस्थितियों में संचालित वाहन, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में चल रहे वाहन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित मानक की नंबर प्लेट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में समझाइश भी दी गई।
अभियान के दौरान संपूर्ण शहर में लगभग 850 से अधिक दोपहिया एवं अन्य वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत वैधानिक कार्यवाही की गई।
