मुंबई। अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया ने श्रीराम राघवन की फिल्म इक्कीस से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में उनके साथ अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में नजर आए थे। अब सिमर के फैंस के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिमर भाटिया को अपनी दूसरी फिल्म मिल गई है, जो रोमांटिक कॉमेडी जॉनर की होगी। इस फिल्म में वह मलयालम अभिनेता रोशन मैथ्यू के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।
बताया जा रहा है कि इस अनटाइटल्ड फिल्म का निर्माण आयुष माहेश्वरी अपने बैनर बीएलएम पिक्चर्स के तहत करेंगे। फिल्म के निर्देशन की कमान अधिराज बोस संभालेंगे, जो इससे पहले एक थी डायन और तलवार जैसी फिल्मों में बतौर सहायक निर्देशक काम कर चुके हैं। इस प्रोजेक्ट के साथ अधिराज बोस फीचर फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। निर्माताओं ने सिमर और रोशन को एक फ्रेश रोमांटिक जोड़ी के तौर पर पेश करने की तैयारी की है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की कहानी सिर्फ रोमांस और कॉमेडी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें मजबूत किरदारों और भावनात्मक पहलुओं को भी जगह दी जाएगी। कहानी में रिश्तों और प्यार से जुड़े संवेदनशील हिस्सों को हास्य के साथ जोड़कर मनोरंजक अंदाज में पेश किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग नवंबर 2026 में शुरू होने की संभावना है, जबकि मेकर्स इसे 2027 के मध्य में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल फिल्म के टाइटल और बाकी कलाकारों को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, सिमर भाटिया और रोशन मैथ्यू की नई जोड़ी को लेकर अभी से उत्सुकता देखने को मिल रही है। अब देखना होगा कि मेकर्स इस प्रोजेक्ट का ऑफिशियल ऐलान कब करते हैं और दोनों कलाकारों की जोड़ी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना पसंद आती है।
