मुंबई। अभिनेत्री तापसी पन्नू ने अपने करियर में पिंक, हसीन दिलरुबा, अस्सी और थप्पड़ जैसी फिल्मों के जरिए कई दमदार और गंभीर किरदार निभाए हैं। पर्दे पर अलग-अलग मुश्किल परिस्थितियों से गुजरने वाली महिलाओं की भूमिकाएं निभाने के बाद अब तापसी कुछ नया और हल्का-फुल्का करना चाहती हैं। अपनी फिल्म गांधारी के प्रमोशन के दौरान अभिनेत्री ने खुलासा किया कि अब वह एक शानदार रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म में काम करने के लिए काफी उत्साहित हैं।
तापसी का कहना है कि उन्हें हल्की-फुल्की फिल्में करने में बिल्कुल भी परेशानी नहीं है, बल्कि वह लंबे समय से ऐसे प्रोजेक्ट का इंतजार कर रही हैं। अभिनेत्री ने मजाकिया अंदाज में अपील करते हुए कहा कि लोगों से कहिए कि उन पर थोड़ा रहम करें और उन्हें कोई हल्का-फुल्का रोल ऑफर करें। तापसी के मुताबिक, वह पर्दे पर एक बेहतरीन रोमांटिक-कॉमेडी कहानी का हिस्सा बनना चाहती हैं और अपने अभिनय के एक अलग पहलू को दर्शकों के सामने लाना चाहती हैं। अभिनेत्री ने इंडस्ट्री में कलाकारों के टाइपकास्ट होने को लेकर भी अपनी राय रखी। उनका मानना है कि जब कोई कलाकार किसी खास जॉनर या तरह के किरदार में सफल हो जाता है तो निर्माता और निर्देशक उसे उसी छवि में देखना शुरू कर देते हैं। तापसी ने कहा कि इंडस्ट्री में रचनात्मक सोच की कमी नजर आती है और एक अभिनेता को एक भूमिका में सफल देखने के बाद उसे बार-बार उसी तरह की फिल्मों में कास्ट किया जाता है।
तापसी ने बताया कि उन्होंने खुद को एक ही तरह के किरदारों तक सीमित होने से बचाने के लिए कई एक्शन और क्राइम-थ्रिलर फिल्मों के ऑफर ठुकराए हैं। बेबी और नाम शबाना के बाद उन्हें लगातार इसी तरह की फिल्मों के प्रस्ताव मिलते रहे, लेकिन उन्होंने अलग-अलग भूमिकाएं तलाशने के लिए कई ऑफर छोड़ दिए। अभिनेत्री का मानना है कि अगर किसी कलाकार को अच्छा अभिनेता माना जाता है तो निर्माताओं को उस पर भरोसा करते हुए उसे अलग-अलग किरदार निभाने का मौका भी देना चाहिए।
