मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी दिन मजबूती देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 100 अंक की बढ़त के साथ 76,900 के स्तर के आसपास कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी 50 अंक चढ़कर 24,000 के करीब पहुंच गया। बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह IT और FMCG सेक्टर के शेयरों में हुई खरीदारी रही।
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत के लिए राहत की खबर बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड करीब 2% फिसलकर 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों से तेल बाजार पर दबाव बना हुआ है। एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला। वहीं, अमेरिकी बाजारों में भी सोमवार को सीमित उतार-चढ़ाव रहा। डाउ जोन्स में बढ़त दर्ज की गई, जबकि नैस्डैक मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।
हालांकि विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं। पिछले सात कारोबारी सत्रों में FII/FPI ने करीब 9,400 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशकों ने बाजार को मजबूती देते हुए बड़ी खरीदारी की है। इससे पहले सोमवार को भी बाजार में शानदार तेजी रही थी। सेंसेक्स 776 अंक चढ़कर बंद हुआ था, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
