नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE) समेत कई तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4,098 पदों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 13 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये प्रति माह शुरुआती मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों को DA, HRA और अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।
भर्ती में जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और IT), डिपो मैटेरियल सुपरिटेंडेंट (DMS) और केमिकल एवं मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) जैसे पद शामिल हैं। आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग डिप्लोमा या डिग्री होना जरूरी है। आयु सीमा 18 से 33 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट मिलेगी। उम्मीदवारों का चयन CBT-1, CBT-2, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट के आधार पर होगा। रेलवे ने सलाह दी है कि आवेदन से पहले सभी दस्तावेजों, खासकर आधार कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में दर्ज जानकारी जरूर जांच लें।
