‘शर्म करो, मैं रेपिस्ट नहीं हूं!’ एंकर पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप; इंटरव्यू में हुआ जोरदार हंगामा

Follow Us

वाशिंगटन के हिल्टन होटल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। CBS न्यूज को दिए एक विशेष इंटरव्यू में ट्रंप उस समय अपना आपा खो बैठे, जब महिला एंकर नोरा ओ’डोनल ने हमलावर कोल टॉमस एलन द्वारा लिखे गए एक विवादित पत्र का अंश पढ़ दिया। इस पत्र में हमलावर ने ‘पेडोफाइल, रेपिस्ट और गद्दार’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। जैसे ही एंकर ने पूछा कि, क्या ये आरोप उनकी तरफ इशारा कर रहे हैं, ट्रंप गुस्से से लाल हो गए और उन्होंने कैमरे के सामने ही एंकर की क्लास लगा दी।

ट्रंप ने कड़े लहजे में कहा, “मैं रेपिस्ट नहीं हूं, मुझे क्लीन चिट मिल चुकी है। तुम्हें यह पढ़ते हुए खुद पर शर्म आनी चाहिए थी क्योंकि मैं उनमें से कोई भी नहीं हूं। मुझे पता था कि, तुम ऐसा ही करोगी क्योंकि तुम लोग बहुत बुरे लोग हो।” जब एंकर ने सफाई दी कि वे शब्द उनके नहीं बल्कि हमलावर के थे, तो ट्रंप ने उन्हें टोकते हुए कहा कि, एक ‘बीमार इंसान’ की बकवास को नेशनल टीवी पर पढ़ना ही गलत था। ट्रंप ने मीडिया को ‘बेकार’ बताते हुए कहा कि, वे ऐसी ही हरकतों के लिए बदनाम हैं।

शूटिंग की घटना पर बात करते हुए ट्रंप ने खुलासा किया कि, हमलावर कोल एलन पहले ईसाई धर्म में गहरी आस्था रखता था, लेकिन बाद में वह कट्टरपंथी और ईसाई-विरोधी बन गया। उन्होंने सीक्रेट सर्विस द्वारा निकाले जाने के दौरान हुई देरी पर कहा कि, वह खुद देखना चाहते थे कि, वहां क्या हो रहा है। अपनी सुरक्षा और जान के खतरे पर बेबाकी से जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे चोट की चिंता नहीं थी, मैं जिंदगी को समझता हूं। हम एक पागलों से भरी दुनिया में रहते हैं और मुझे मरने का कोई डर नहीं है।” इस इंटरव्यू ने एक बार फिर ट्रंप और अमेरिकी मीडिया के बीच की कड़वाहट को जगजाहिर कर दिया है।