बेमेतरा के स्कूल में शिक्षक पर गंभीर आरोप, तीन साल से बिना पढ़ाए वेतन लेने का दावा; छात्रों ने उठाए सवाल

Follow Us

बेमेतरा। जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पूर्व माध्यमिक शाला मिडिल स्कूल मरका में पदस्थ एक गणित शिक्षक को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। छात्रों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिक्षक हरजीत अनंत पिछले तीन सालों से अपनी मर्जी के अनुसार स्कूल आ-जा रहे हैं और बिना नियमित पढ़ाई कराए हर महीने पूरा वेतन प्राप्त कर रहे हैं। स्कूल के छात्रों का कहना है कि गणित विषय के शिक्षक होने के बावजूद हरजीत अनंत कक्षाएं नहीं लेते हैं। पढ़ाई की जिम्मेदारी अन्य शिक्षकों पर छोड़ दी गई है, जबकि वे खुद स्कूल में समय बिताने तक सीमित रहते हैं।

आरोप है कि शिक्षक की उपस्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों और ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल के उपस्थिति रजिस्टर में पूरे महीने की हाजिरी और हस्ताक्षर दर्ज मिलते हैं, जबकि उनकी वास्तविक उपस्थिति नियमित नहीं रहती। बताया जा रहा है कि स्कूल के अन्य शिक्षक भी इस स्थिति से परेशान हैं, लेकिन विभागीय दबाव या अन्य कारणों के चलते खुलकर शिकायत करने से बच रहे हैं। आरोप है कि मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों DEO, BEO, CSC और ABEO तक होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

इस मामले में सवाल उठ रहा है कि आखिर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है। मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने शहर से बाहर होने की बात कहते हुए बातचीत समाप्त कर दी। वहीं, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई से भी प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। अब देखने वाली बात होगी कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और छात्रों को नियमित गणित शिक्षक कब मिल पाता है।