मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने देश में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए लंबे पोस्ट में उन्होंने आंदोलन के हिंसक मोड़ लेने पर दुख जताते हुए कहा कि यह एक शांतिपूर्ण आंदोलन था और इसका हिंसक होना बेहद दुखद है।
सलमान खान ने लिखा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर समस्या है। उन्होंने छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश के युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए एकजुट हुए हैं और यह सराहनीय है। उन्होंने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि यही पीढ़ी भविष्य में भारत को शिक्षित और मजबूत राष्ट्र बनाएगी।
अपने पोस्ट में सलमान खान ने यह भी कहा कि शिक्षा का मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का विषय है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी और शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाएगी। सलमान ने अंत में कहा कि शिक्षा को देश का सबसे बड़ा ट्रेंड बनना चाहिए, ताकि भारत दुनिया का एक प्रमुख एजुकेशन हब बन सके और अधिक से अधिक विदेशी छात्र यहां पढ़ाई के लिए आएं।

