ऋषिकेश होटल हादसे से हड़कंप, लिफ्ट गिरने से 22 पत्रकार घायल, कई गंभीर

Follow Us

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां वीरभद्र रोड स्थित एक होटल की लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई। इस हादसे में हरियाणा के फरीदाबाद से आए करीब 22 पत्रकार घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी पत्रकार होटल की पांचवीं मंजिल पर खाना खाने के बाद नीचे लौट रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट का वायर टूट गया और वह सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। लिफ्ट गिरते ही होटल परिसर में चीख-पुकार और हड़कंप मच गया।

इस दर्दनाक हादसे में 5 पत्रकारों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनकी पहचान वरुण कुमार, मनोज सूर्यवंशी, रुपेश कुमार, चेतन सिंह और जय प्रकाश के रूप में हुई है। इनमें से एक पत्रकार के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आया है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और होटल स्टाफ की मदद से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पत्रकारों ने होटल प्रबंधन पर सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने होटल प्रबंधन से लिफ्ट की फिटनेस से जुड़े दस्तावेज तलब किए हैं।