रायपुर/अंबिकापुर। वित्त मंत्री एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान शेष आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने और स्वीकृत आवासों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अंबिकापुर शहर में पेयजल एवं बिजली आपूर्ति की समस्याओं के त्वरित समाधान, सड़कों की मरम्मत तथा वर्षा ऋतु से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
मंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण एवं भुगतान की स्थिति की जानकारी लेते हुए अवैध वृक्ष कटाई रोकने और व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि एवं फसल क्षति के मामलों में प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया। साथ ही ई-केवाईसी, महतारी वंदन योजना और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने विभागवार वर्गीकरण, नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां संभव हो, समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर आम नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की जाए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण, सीमांकन, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, आधार सीडिंग और अतिक्रमण से जुड़े मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि विभाग की समीक्षा में किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने और विक्रय केंद्रों के नियमित निरीक्षण पर जोर दिया गया। बैठक में मंत्री ने कहा कि सरगुजा के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पर बल दिया। बैठक में चिंतामणि महाराज, प्रबोध मिंज, मंजूषा भगत, निरूपा सिंह, अजीत वसंत तथा राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
