हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाले हत्याकांड में कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला आया है। पैसे और संपत्ति के लालच में अपने ही बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर उनके शव के टुकड़े-टुकड़े करने वाले कलयुगी बेटे और बेटी को अदालत ने फांसी (मृत्युदंड) की सजा सुनाई है। वहीं, इस खौफनाक साजिश में उनका साथ देने वाली मृतक की पत्नी को उम्रकैद (आजीवन कारावास) की सजा मिली है।
यह रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला अगस्त 2019 का है, जो एक 70 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी से जुड़ा है। मृतक के 47 वर्षीय बेटे और 36 वर्षीय बेटी ने अपने पिता की पेंशन और आलीशान घर पर कब्जा करने के लिए अपनी मां के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। तीनों ने पहले बुजुर्ग के खाने में जहर मिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उन्होंने लाश को छिपाने के लिए कटर से उसके छोटे-छोटे टुकड़े किए और उन्हें घर में रखी बाल्टियों में भर दिया।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले अपराध का खुलासा तब हुआ, जब 18 अगस्त 2019 को घर से असहनीय दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों को शक हुआ और जब वे घर के भीतर दाखिल हुए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद 21 अगस्त 2019 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब करीब 6 साल पुराने इस संवेदनशील मामले में मल्काजगिरि स्थित प्रधान जिला न्यायालय ने दोषियों के कृत्य को ‘क्रूरतम’ मानते हुए बेटा-बेटी को सूली पर लटकाने का हुक्म सुनाया है।
