रायपुर । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए द्वारा घोषित री-नीट रीजल्ट 2026 में छत्तीसगढ़ के दो छात्रों ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने 99.9930996 परसेंटाइल के साथ संयुक्त रूप से छत्तीसगढ़ का स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। शिप्रक ने ऑल इंडिया रैंक 117 और चार्वी ने ऑल इंडिया रैंक 136 प्राप्त की। दोनों की इस शानदार सफलता से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।मेडिकल प्रवेश की राष्ट्रीय परीक्षा री-नीट का परिणाम शुक्रवार को जारी हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। एनटीए के परिणाम के अनुसार अनारक्षित श्रेणी से परीक्षा देने वाले शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने समान 99.9930996 परसेंटाइल स्कोर किया। टाई-ब्रेकिंग नियम के कारण शिपराक को ऑल इंडिया रैंक 117 और चार्वी को ऑल इंडिया रैंक 136 रैंक मिली। दोनों को संयुक्त रूप से छत्तीसगढ़ का स्टेट टॉपर घोषित किया गया है।
8-9 दिन में पलटी बाजी
स्टेट टॉपर चार्वी अग्रवाल पिछले 2 साल से कोटा में रहकर तैयारी कर रही थीं। उन्होंने बताया कि जब दोबारा परीक्षा की जानकारी मिली तो पहले 2-3 दिन बहुत बुरा लगा। “फिर खुद को संभाला और दोबारा जुट गईं। हमारे पास तैयारी के लिए सिर्फ 8 से 9 दिन बचे थे, इसलिए दबाव काफी था। चार्वी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोचिंग के नोट्स को दिया। “कोचिंग से मिले नोट्स को ही बार-बार रिवीजन किया। वही पढ़ा जो पढ़ाया गया था। माता-पिता के सहयोग से ही मैं इस दबाव को झेल पाई।”
प्रदेश के लिए गौरव का पल
दोनों टॉपरों की सफलता ने साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। परिणाम घोषित होते ही दोनों के घरों और कोचिंग संस्थानों में बधाई देने वालों का तांता लग गया। शिक्षा जगत के लोगों का कहना है कि कम समय में दोबारा तैयारी कर टॉप रैंक लाना दोनों छात्रों की मेहनत और लगन को दर्शाता है।

