o राज्यपाल रमेन डेका सरोना रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 75 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इनमें छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास भी शामिल है। इस अवसर पर सरोना रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्रालय का अभिनंदन करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, दिव्यांगजन अनुकूल तथा स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरोना रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि नए भारत की नई सोच, नई गति और विकासोन्मुख कार्य संस्कृति का प्रतीक है। यहां विकसित आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और यह स्टेशन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिससे उद्योग, व्यापार, कृषि, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी। रायपुर के निरंतर विस्तार को देखते हुए सरोना स्टेशन का आधुनिकीकरण राजधानी क्षेत्र की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्यपाल ने नागरिकों से स्टेशन की स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी अपना संबोधन दिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्कूली बच्चों के लिए आयोजित ड्राइंग, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद, जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


