रायपुर। राजधानी में रायपुर नगर निगम ने लंबे समय से बकाया कर और डिमांड नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम की जोन-9 राजस्व टीम ने अभियान चलाते हुए कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश दी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निगम की सख्ती का असर भी देखने को मिला, जब चार दुकानदारों ने मौके पर ही कुल 80,592 रुपये का बकाया जमा कर दिया। वहीं, अन्य बकायादारों द्वारा भुगतान न किए जाने पर निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए आठ दुकानों को सील कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इन दुकानों पर कुल 3,65,510 रुपये का बकाया लंबे समय से जमा नहीं किया गया था। बार-बार नोटिस और अंतिम चेतावनी देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी। सील की गई दुकानों में बरखा अग्रवाल की सैलून, अभिषेक कुमार की एज शॉप, चित्रा रेखा अग्रवाल, विवेक गोयल, सरफराज खान, शेख साजिद और इंद्रमणि मिनरल इंडिया जैसी प्रतिष्ठान शामिल हैं। नगर निगम ने स्पष्ट कहा है कि, कर वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया न जमा करने वालों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि, नियमों का पालन सुनिश्चित करना और राजस्व वसूली बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।
