भागलपुर यज्ञकांड: भीषण आग से पंडाल खाक, दमकल टीम पर पथराव से हालात बेकाबू, जांच के आदेश

Follow Us

भागलपुर। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के वारसलीगंज रोड पर आयोजित ‘श्री श्री 1008 चंडी महायज्ञ सह श्रीमद्भागवत कथा’ के अंतिम दिन बड़ा हादसा हो गया। यज्ञशाला में अचानक भीषण आग लगने से पूरा पंडाल कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने की वजह शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त पंडाल में 500 से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन हालात उस समय बिगड़ गए जब भीड़ का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि कुछ समय तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और आग लगने के सही कारणों की पुष्टि की जा रही है।