रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस कार्यालय घेराव को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले में भाजपा और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भाजपा नेताओं को हद में रहने की चेतावनी दी। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घेराव के नाम पर कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान भाजपा के कई मंत्री भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं को नजरअंदाज करते हुए शामिल हुए।
बघेल ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यालय और कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। उनके अनुसार, घटना में कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पत्रकार घायल हुए, जबकि एफआईआर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे भाजपा सरकार और पुलिस के संरक्षण में किया गया सुनियोजित हमला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा से राजनीतिक रूप से मुकाबला किया जाएगा, लेकिन पुलिस अधिकारियों को भी अपनी भूमिका पर ध्यान देना चाहिए। बघेल ने अपने बयान में कहा कि सत्ता परिवर्तन स्थायी नहीं होता और आने वाले समय में जवाबदेही तय होगी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
