मॉस्को। अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील की चर्चाओं के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। सेंट पीटर्सबर्ग में वैश्विक समाचार एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बातचीत में पुतिन ने स्पष्ट किया कि भारत और रूस के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को कोई भी बाहरी दबाव प्रभावित नहीं कर सकता। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और यह वहां की सरकार की कड़ी मेहनत का नतीजा है।
रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि रूस के साथ सहयोग को लेकर भारत पर दबाव बनाने की कोशिशें खुद अमेरिका के लिए नुकसानदेह साबित होंगी। पुतिन ने जोर देकर कहा कि डेढ़ अरब की आबादी वाले दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और महान राष्ट्र पीएम नरेंद्र मोदी पर दबाव बनाना आसान नहीं है। भारत हमेशा अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखता है।
पुतिन ने भारत-रूस के आर्थिक भविष्य पर भरोसा जताते हुए कहा कि वर्तमान में दोनों देशों का व्यापार करीब 60 अरब डॉलर है, जो आने वाले वर्षों में 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका रूसी तेल खरीद पर भारत को मिली प्रतिबंधों की छूट को खत्म करने की तैयारी में है। रणनीतिक रूप से यह बयान बेहद अहम है क्योंकि पुतिन सितंबर में नई दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स (BRICS) समिट में हिस्सा लेने भारत आ रहे हैं, जो एक साल के भीतर उनका दूसरा भारत दौरा होगा।
“भारत एक संप्रभु और महान राष्ट्र है जो अपने हितों को बखूबी समझता है। बाहरी ताकतों का दबाव हमारे ऐतिहासिक और भरोसेमंद रिश्तों को कमजोर नहीं कर सकता।”- व्लादिमीर पुतिन, राष्ट्रपति, रूस
