पत्नी से अफेयर के शक में बाउंसर की बेरहमी से हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला सिर

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कोटा थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बिलासपुर के एक बार में बाउंसर का काम करने वाला निखिल बीती रात अमने मोड़ के पास अपने दोस्तों के साथ था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान निखिल ने दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका निकलकर सामने आई है। मृतक के भाई के अनुसार, आरोपी भोला मानिकपुरी को शक था कि उसकी पत्नी और निखिल के बीच अवैध संबंध हैं, जिसे लेकर दोनों के बीच पुरानी रंजिश भी थी। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह और कोटा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी भोला और उसके साथियों की तलाश के लिए जाल बिछा दिया है।