वाशिंगटन। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना “शानदार दोस्त” बताया और कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक बड़ा व्यापार समझौता (Trade Deal) बेहद करीब है। हालांकि, अपने चिर-परिचित अंदाज में ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि अतीत में भारत ने भारी टैरिफ लगाकर अमेरिका का फायदा उठाया, लेकिन अब स्थितियां बदल चुकी हैं और दोनों देश मिलकर व्यापार में आगे बढ़ रहे हैं।
इस ऐतिहासिक डील को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में दोनों देशों के बीच चार दिनों की मैराथन बैठक हाल ही में संपन्न हुई है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के उस बयान की पुष्टि अब भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी कर दी है, जिसमें कहा गया था कि डील पर 99% बातचीत पूरी हो चुकी है। सर्जियो गोर के मुताबिक, अब मात्र 1 फीसदी का तकनीकी मुद्दा बचा है, जिसे अगले कुछ हफ्तों के भीतर सुलझा लिया जाएगा और समझौते पर मुहर लग जाएगी।
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप के इस बयान से ठीक पहले सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को एक महान लोकतांत्रिक शक्ति बताते हुए अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी थी। पुतिन ने साफ कहा था कि पीएम मोदी पर किसी भी तरह का दबाव बनाना मुमकिन नहीं है, क्योंकि भारत अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखता है। पुतिन के इस बयान के तुरंत बाद ट्रंप द्वारा पीएम मोदी की तारीफ करना और ट्रेड डील को हरी झंडी देना, वैश्विक मंच पर भारत और पीएम मोदी के बढ़ते दबदबे को साफ दर्शाता है।
