सुशासन तिहार में फूटा जनता का गुस्सा: पानी के लिए मटकी फोड़ी, अवैध रेत-शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग

Follow Us

अभनपुर/गोबरा नवापारा। सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय विरोध के मंच में बदल गया, जब गोबरा नवापारा नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने हरिहर स्कूल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और खाली मटकियां लेकर पहुंचीं महिलाओं ने पेयजल संकट, अवैध कारोबार और जनहित योजनाओं में लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि, नगर में अवैध रेत एवं अन्य खनिजों का परिवहन खुलेआम जारी है, जबकि अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन नहीं मिलने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने तथा लगातार बिजली कटौती जैसी समस्याओं से आम नागरिक परेशान हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं और नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं का आक्रोश उस समय खुलकर सामने आया, जब उन्होंने पेयजल समस्या के विरोध में खाली मटकियां जमीन पर पटककर फोड़ दीं। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर नागरिकों को पानी, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि, समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। मौके पर पहुंचे अभनपुर एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।