केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन से नक्सली हिंसा से प्रभावित भाई-बहनों का बढ़ा आत्मविश्वास : मुख्यमंत्री साय
छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन, महिला दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा नि:शुल्क
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया है। उनका बस्तर आगमन प्रदेशवासियों के लिए प्रसन्नता और गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया गया था। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद उनके प्रवास की तैयारियां की जा रही हैं। बस्तर दशहरा क्षेत्र की विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं और आदिवासी विरासत का प्रमुख पर्व है। ऐसे में राष्ट्रपति का मुरिया दरबार में शामिल होना इस आयोजन के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें। सहायक उपकरणों के वितरण से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी और उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उन्हें खिलाडिय़ों के प्रदर्शन से प्रेरणा लेने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला क्रिकेट मैच का आयोजन प्रदेश में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे महिला खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुडऩे का अवसर मिलेगा।
