रायपुर में प्री-मानसून की दस्तक: झमाझम बारिश से थमा उमस का दौर, 3 दिनों में मानसून की एंट्री

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में मौसम ने करवट बदल ली है। सोमवार देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को झुलसाती गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग के मुताबिक, यह प्री-मानसून की बौछारें हैं और अगले 3 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में दस्तक दे सकता है, क्योंकि इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। फिलहाल, प्रदेश के तापमान में अगले 5 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। बीते दिन राजनांदगांव 43.5°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5°C दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर आंध्र प्रदेश तक बनी एक चक्रवातीय सिस्टम और द्रोणिका के कारण छत्तीसगढ़ में नमी आ रही है। राजधानी रायपुर में भी मंगलवार को सुबह से बादल छाए हुए हैं। हालांकि आज शहर में भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रह सकता है, जबकि 11 जून से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी।