मुंबई। अभिनेता मनोज बाजपेयी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लास्ट मैन इन टावर’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी हो गया है। राणा दग्गुबाती के प्रोडक्शन हाउस ‘स्पिरिट मीडिया’ के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन बेन रेखी ने किया है। कहानी मशहूर लेखक अरविंद अडिगा के इसी नाम के चर्चित उपन्यास पर आधारित है। फिल्म में मुंबई के रियल एस्टेट कारोबार, बढ़ती संपत्ति की कीमतों, मानवीय लालच और नैतिक मूल्यों के बीच टकराव को केंद्र में रखा गया है।
ट्रेलर की शुरुआत मुंबई की मध्यमवर्गीय ‘विश्राम सोसाइटी’ से होती है, जहां बोमन ईरानी एक ऐसे निर्माण कारोबारी की भूमिका में नजर आते हैं, जो पुरानी इमारत को गिराकर उसकी जगह एक आलीशान ऊंची इमारत बनाना चाहता है। इसके बदले सोसायटी के निवासियों को बड़ी रकम और बेहतर जिंदगी का सपना दिखाया जाता है। आर्थिक फायदे और नई जिंदगी के आकर्षण में ज्यादातर लोग इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार हो जाते हैं, लेकिन सेवानिवृत्त शिक्षक योगेश मिश्रा उर्फ ‘मास्टरजी’ का किरदार निभा रहे मनोज बाजपेयी इस सौदे को मानने से साफ इनकार कर देते हैं।
मास्टरजी के फैसले के बाद कहानी में तनाव बढ़ने लगता है और आर्थिक लालच बनाम सिद्धांतों की लड़ाई गहराती जाती है। फिल्म यह सवाल उठाती है कि जब किसी इंसान के सामने बड़ी रकम और बेहतर भविष्य का मौका हो, तब क्या वह अपने मूल्यों और सिद्धांतों पर कायम रह सकता है। अरविंद अडिगा के उपन्यास पर आधारित यह कहानी मुंबई के बदलते शहरी जीवन, संपत्ति के बढ़ते बाजार और उसके बीच प्रभावित होते मानवीय रिश्तों की पड़ताल करती नजर आएगी। ‘लास्ट मैन इन टावर’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
